शुक्रवार, 13 नवंबर 2026

लड़की भाग गयी

एक गुमनाम से गांव की गुमनाम गली की गुमनाम सी लड़की भाग गयी | भागना उसका तय था | ये उसके लक्षण कहते थे | 

वो कानो में ईयरफोन लगाती , छत पर जाकर गाने सुनती | छोटे हिप्पी कट  बाल रखती , लड़को की तरह जीन्स पहनती | अजीब सी चाल चलती | गले से गुजरते हुए कोई उसे एक आँख भी देखता तो बदले में उसे दो आँख से देखती | 

इसलिए जब वो भागी तो गांव के समझदारलोगों ने कहा कि हमे पता था कि वो भागेगी | जो कम समझदार थे उन्होंने पीछे पीछे दोहराया कि पता था भागेगी | ऐसी औरते जो घर पे बाहर तक न निकलती थी उन्होंने भी कहा " कुलच्छनी थी , सबको ही पता था कि एक दिन भागेगी " 

उसके भागने का बड़ा चर्चा हुआ | कुछ ऐसे जैसे बरसात के मौसम में आँखो में कंजक्टिविस्टिस का संक्रमण फैलता है कुछ वैंसे ही बस आखो ही आखों में ये बात फ़ैल गयी | और जैसे ही लड़की के बाप को ये पता चला कि बात जो पिछली रात की थी पौ फटते ही पूरे गाँव में फ़ैल गयी है उस बेचारे की भूख प्यास नींद आबरू सब भाग गयी | 

और वो पड़ रहा अनसन पाटी ले खाट पर | बाहर किस मुँह से निकले वो आदमी जिसकी बेटी इज़्ज़त लांघ गयी | 

सब थू थू करे थे कि हाय री कुलटा बाप की इज़्ज़त की ना सोची | गुलछर्रे उड़ाने अपने यार के साथ भाग गयी | 

सबकी सहानुभूति थी बाप के साथ कि हे राम जी ऐसी कुलछ्नी औलाद न दे किसी को | 

और गांव के सभी समझदारो ने कहा कि अब ख़तम ही हो जायेगा ये आदमी | गांव में जो बंगाली डाक्टर था उसने बड़ी मुश्किल ने नबज ढूढ़ी और ग्लूकोस चढ़ा तो दिया पर यूँ बोला कि सदमा गहरा है बच जाए तो चमत्कार ही समझियो | 


पर चमत्कार तो होते ही है | मौसम खिला , साथ में खिली सरसों और उसके साथ साथ उस आदमी की सेहत भी भी चेत गयी | 

वो जाने लगा खेत क्यारी भी | पटरी पे आ गयी उसकी गाड़ी भी | 

पर उसकी गाड़ी पटरी पे आते ही गाँव वालों पे इल्म की बिजली सोइ गिरी कि अरे ये क्या हुआ | आदमी जिसे खाट पे होना चाहिए था ये तो भला चंगा हो गया | अब उनकी तबज्जो इस बात पे गयी कि इस आदमी की लड़की तो भागकर इस आदमी के काम ही सुधार गयी | बिहा का सारा खर्चा बच गया | हम अपना जीवन धुनें है ये ससुरा सब टंटों से बच गया | हमारी मुक्ति के कोई आसार ना है ये निकम्मा फोकट  नाहा गया | लड़की जो कुलटा था कल तक अब उनकी तबज्जो से भाग गयी | और कल तक सहानभूति थी जिससे उससे कुढ़न जाग गयी | 

और फिर थू थू करता रहा वो पूरा गांव उस आदमी पर , तब तक जब तक कि उसी गुमनाम गांव की दूसरी गली की एक दूसरी लड़की ना भाग गयी | 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी करें -

लड़की भाग गयी

एक गुमनाम से गांव की गुमनाम गली की गुमनाम सी लड़की भाग गयी | भागना उसका तय था | ये उसके लक्षण कहते थे |  वो कानो में ईयरफोन लगाती , छत पर जाक...