बेशक सुनी होंगी तुमने पिताओ के त्याग की कहानियाँ | कहानियाँ कि कैसे पिताओ ने अपने पेट काटे , धूप में झुलसे , अपने सब शौक मारे पर बच्चों को कालिज तक भेजा |
पर तुम शायद ही जानते हो किसी ऐसे पिता को जो ख़ुदकुश हुआ महज इसलिए कि उसकी औलाद कामयाब हो जाए |
मैं जानता हूँ अपने निजी अनुभव में ऐसे सरकारी मुलाजिम को जिसने भाँप लिया था कि सेहत उसकी ठीक नहीं है और बेटे भटकेंगे उसके क्योकि उनमे कूबत नहीं है कि ढूंढ पाएं कोई भी नौकरी |
और फिर वो घिसट गया सरकारी बस के पीछे , सरकारी ड्यूटी पर जाते हुए | चुना उसने दर्दनाक से दर्दनाक तरीके से जाना इस बात की तसल्ली करने को कि बाप की जगह लगने वाले बेटे की फाइल में कोई नुक्स न रह जाए |
हाँ मैं रूबरू हुआ हूँ ऐसे सरकारी मास्टर से जिसने कैंसर का इलाज़ इसलिए नकार दिया कि रिटायरमेंट से पहले चला जायेगा तो बेटा जगह पा जायेगा |
मैंने हाँ मैंने ढाँढस बंधाया है एक ऐसे बाप को जिसका अंगूठा कट गया चुनाव ड्यूटी में पर वो रोया इसलिए कि क्यों ना कट गया उसका पूरा ही हाथ , जो बदले में में नौकरी पा गया होता उसका बेटा !
हाँ तुमने सुने होंगे बाप के त्याग के किस्से , पर जैसे मैंने सुने है सुन लिए होते तो शायद सो ना पाते !
बेटों की फ़िक्र में आत्मघाती तक हो जाते है बाप !
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
टिप्पणी करें -