मंगलवार, 3 फ़रवरी 2026

बजरबानी

बजरबानी 


बजरबानी नहीं जानती, क्या होता है फेमिनिज्म !

उसका मर्द जब शराब में धुत्त , किसी के चबूतरे पे पड़ा होता है ,तो वो उठाती है उसे उसकी गुदधी से पकड़ | 

ला पटकती गई भूसे के कोठड़े में , जहाँ सूख जाता है आदमी का नशा और गुरूर , दोनों ही | 

बजरबानी , नहीं जानती क्या होते है वीमन राइट्स के शिगूफे | 

हाँ , वो जब देखती है कि  विष्ठा खाने निकला है  उसका आदमी ,तो वो अपने घुटने के सटीक वार  से चटका देती है उसकी मरदी !

और उतार देती है इश्क़ का बुखार | बजरबानी को क्या पता , क्या होते है गुड पेरेंटिंग के चोचले | वो जब पाती है कि स्कूल को निकला उसका जाया , बस्ता छुपा 

खदाने में गेंद बल्ला नचा रहा है | तो वो आग फूखने की फुकनी से तोड़ देती है अपनी कोख से जने जाए का मंघर | 

और जोड़ देती है बिगड़ा हुआ अनुशासन | ठोकती , बजाती , दनदनाती , सबको सही रास्तों पे लाती |पालनकर्ता, मुखिया ,करताधर्ता ,  सब कुछ होती है बजरबानी | 

  बस गिड़गिड़ाती बेचारी अबला नहीं होती ! 

                                                     सचिन कुमार गुर्जर 

बजरबानी

बजरबानी  बजरबानी नहीं जानती, क्या होता है फेमिनिज्म ! उसका मर्द जब शराब में धुत्त , किसी के चबूतरे पे पड़ा होता है ,तो वो उठाती है उसे उसकी ग...