रविवार, 17 अप्रैल 2016

एक बूढा आदमी


एक बूढ़ा , बेहद बूढा आदमी । हमेशा व्हीलचेयर से  चिपटा, बोझिल । उसकी जिंदिगी की लौ  इतनी धीमी है कि कोई मरियल सा हवा का झोंका भी खामखाँ  ही बदनाम होगा । बत्ती अब बुझी कि तब बुझी । उसकी जिंदिगी की डोर किसी बेहद महीन धागे से लटकी है ।

दिन भर अकेला , बस एक लापरवाह, फ़ोन पे चिपकी सेविका के सहारे। वो आदमी बालकनी से बाहर ताकता  रहता है और पूरे जोश खरोश में कुछ गाता  रहता है । हमेशा !
  
स्विमिंग पूल के सामने वाले उस घर के सामने से मैँ जब भी गुजरता हूँ वो आदमी और भी जोर से गाने लगता है।

उसका मुँह फोफ्ला है , चेहरा बेहिसाब झुर्रीदार , स्वर उच्चारण कुछ स्पष्ट नहीं , पर वो गाता रहता है कोई मलय गीत , अथक , अनवरत ।

पता नहीं ,  उसके गाने का क्या प्रयोजन है । राम ही जाने । हो सकता है बुझ जाने का भय खाता हो उसको ।
या एकाकीपन ,लाचारी  से उपजी हताशा में जकड़ा घुटता हो।
या हो सकता है वो जश्न मनाता हो लम्बी पारी का ।
निर्भर करता है , वो जीवन संध्या को कैसे लेता है ।

मैँ हमेशा मुस्काता हूँ उसके गीत पे और गर्दन नीची कर अभिवादन करता हूँ ।
वो बूढा आदमी , हाथ उठा मेरा अभिवादन स्वीकार करता है और फिर और भी ऊँचा गाने लगता है ।
उसके जीवन की लौ सचमुच बहुत धीमी है और उसका 'संध्या गीत' बहुत ही प्रबल ।

                                                                                   - सचिन कुमार गुर्जर

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी करें -

आखिरी खुशफहमी

ये उम्र के साथ साथ सारी  खुशफहमियाँ जैसे बह सी गयी है  सिवाय एक खुशफहमी के वो ये कि अगर तुम होतीं तो मैं तुम्हारे साथ उम्र भर ख़ुशी खुशी जीता...