शुक्रवार, 5 सितंबर 2014

तुम आओगी न गौरैय्या ?



अभी परसों ही की तो बात है ।

ध्रुव की नानी के घर जामुन के बड़े छायादार पेड़ के नीचे चारपाई  डाले मैं  सुस्ता रहा था । 
अचानक  कही से बड़ी प्यारी सी , नाज़ुक सी गौरैय्या अवतरित हुई और नीची शाखों पर छलांग लगाती हुई , चारपाई के एकदम बगल में उतर बैठ गयी । मुझे देख उसने अपनी गर्दन को बड़ी नज़ाकत से पहले दायें फिर बाए घुमाया और फिर फुदक फुदक कर नलके के आगे बने गड्ढे में पानी पीने लगी । 

अपनी छोटी सी ,चमकीली चोंच में पानी भर उसने आसमान की तरफ उठा दी ।  पता नहीं कितने अरसे बाद गौरैय्या के दर्शन हुए मैं तो इस प्राणी को लुप्त मान बैठा था । लपककर मैंने अपना मोबाइल उठाने की कोशिश की पर इससे पहले की मैं उसे अपने मोबाइल में कैद कर पता , नन्ही चिड़िया फुर्र  हो गयी । शायद वो मुझसे नाराज़ थी , बचपन में हमने उसके परिवार को बड़ा सताया था , शायद इसीलिए ! 

बचपन की दुनिया में कितनी सारी गौरैय्या हुआ करती थीं  , है ना । 
हमारे मकान के आगे बने छपरे में उनके घोसले थे । माँ कई बार गुस्सा कर जाती , वो घर द्वारा  बुहारती और नन्ही गौरैया अपने घोंसले के लिए चुने तिनके बिखेर बिखेर उसकी मेहनत पे पानी फेर देतीं  । 

हमारे मकान से छपरे की ओर जो बड़ा वाला रौशनदान खुलता था ना ,वो तो मानों गौरैयों के लिए ही बना था । 
घर में उन दिनों एक बड़ा सा दर्पण था , आदम कद का।माँ कहती थी कि पिता जी ने उसे  पास के शहर से स्पेशल आर्डर दे बनवाया था । माँ गर्व से कहती थी कि उससे बड़ा और आलीशान दर्पण पूरे गाँव में न था । 
गौरैया उस दर्पण में अपना प्रतिबिम्ब देख कई बार बड़ी देर तक दर्पण में चोंच मार मार कर लड़ती रहतीं थी
 जब तक वो हार न जाती थीं । 

फिर अपनी दादी थी जो गौरैयों को पानी या धुल में नहाते देख बरसात के आने की भविष्यवाणी कर देती थी । 
हम भी शरारती थे , गर्मियों के दिनों में जब माँ और दादी मसूर या उड़द की छाली घर के आँगन में धूप  लगाने को बिछा देती थी तब दर्जनो गौरैया आ जाती थी । 
हम किसी टोकरी के तले रोटी के कुछ बारीक टुकड़े बिखेर देते और टोकरी को एक सिरे से उठा एक पतली लकड़ी से अटका देते , फिर उस लकड़ी में रस्सी बाँध देते और उसके सिरे को पकड़ छपरे तले खटिया डाल उसकी अदवायन  पे इत्मीनान से बैठ जाते । कोई बेचारी लालच की मारी गौरैया आती और हमारे जाल में फंस जाती । फिर हम पूरे मोहल्ले भर के दोस्तों में उसकी प्रदर्शनी लगाते । उसे जबरदस्ती पानी के कटोरे में डुबो डुबो पानी पिलाते । जब मन भर जाता तो उसके पैर में मजबूत डोरा बाँध उसे उड़ा देते । 

गौरैया यहाँ वहाँ फुदकती । इस आँगन से उस आँगन जाती । वो जिस जिस दोस्त के घर जाती वो दोस्त हमे रिपोर्ट देता कि तेरी वाली चिड़िया आज मेरे घर आई थी । पूरी  दोस्त मंडली को कलर कोड के जरिये पता होता कि कौन सी गौरैया किसने पकड़ी । जैसे नीले डोरे वाली भोलू ने पकड़ी , काले डोरे  वाली  मुन्नू ने  । 

तब किसने सोचा था कि हमारे बचपन के साथ साथ गौरैया भी चली जाएगी । पता होता तो या तो किसी पक्की डोर से बांध जाने ही न देते , कहते यही रहो पूरे परिवार के साथ । हम तुम्हारा पूरा खर्च पानी उठाएंगे । या माँ से कह देते  कि माँ इस छपरे को छपरा ही रहने दे , पक्का मकान न बना यहाँ हमारी दोस्त का परिवार बसता है । 

प्यारी गौरैया हम माफ़ी मांगते है अपनी तमाम बचकानी हरकतों के लिए , तुम प्लीज लौट आओ अपने परिवार के साथ ।विद्या कसम खाते है  , अब कभी तुम्हारे पाँव में डोर न बांधेंगे । 

बड़ी इच्छा है कि जब बालक ध्रुव हमारी बातों को समझने लगे तब किसी दिन कोई गौरैया नानी के घर वाले जामुन के दरख़्त से नीचे उतरे , फुदक फुदक कर हैंडपंप के गड्ढे में जा अपनी छोटी सी प्यारी चोंच डुबो डुबो पानी पिए और फिर उस दिन  की तरह हमारे पास आ अपनी गर्दन दायें घुमाएं ,फिर बाए घुमाए । 
और फिर हम बालक को अपने बचपन की दोस्त के सारे किस्से सुनाये । 
और हाँ , हम बालक ध्रुव को सख्त हिदायद देंगे कि कभी गौरैया के पाँव में रस्सी न बाँधे । 

तुम आओगी न गौरैय्या ? हम तुम्हारे अस्तित्व की लड़ाई में जीत की दुआ करते है ।



ये ऊंचे औहदों पर बैठे लोग इतने क्रूर क्यों होते हैं

 "ये ऊंचे औहदों पर बैठे लोग इतने क्रूर क्यों होते हैं? इसलिए... क्योंकि तरक्की की सीढ़ी के पायदान लकड़ी के नहीं होते, ज़िंदा आदमियों के...